8 जनवरी को दूसरा ड्राई रन, देश के हर जिले में लगाया जाएगा कोरोना टीका
नई दिल्ली
केंद्र सरकार कोरोना टीकाकरण में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती है। इसलिए टीकाकरण शुरू होने से पूर्व एक और राष्ट्रव्यापी पूर्वाभ्यास आठ जनवरी को किया जाएगा। इससे पूर्व दो जनवरी को देशव्यापी पूर्वाभ्यास किया जा चुका है, जबकि उससे पहले चार राज्यों में यह अभ्यास किया गया था। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा को छोड़कर पूरे देश में आठ को कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास होगा। उत्तर प्रदेश ने पांच जनवरी को सभी जिलों में पूर्वाभ्यास किया है, जबकि हरियाणा सात जनवरी को करने जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि 8 जनवरी को होने वाले पूर्वाभ्यास में प्रत्येक जिले में तीन तरह के टीकाकरण साइटों को चुना जाएगा। इनमें एक सरकार स्वास्थ्य केंद्र होगा, जिसमें कोई भी स्वास्थ्य केंद्र, अस्पताल या मेडिकल कालेज हो सकता है। जबकि दूसरी साइट निजी क्षेत्र का टीकाकरण केंद्र होगा। तीसरी किस्म की साइट कोई शहरी या ग्रामीण टीकाकरण साइट होगी।
तीन लाख से अधिक सदस्य हिस्सा लेंगे
मंत्रालय के अनुसार इस अभ्यास में 1.7 लाख वैक्सीनेटर और टीकाकरण टीम के तीन लाख से अधिक सदस्य हिस्सा लेंगे। पूर्वाभ्यास में राज्य, जिला, ब्लाक और अस्पताल स्तर तक के टीकाकरण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी भी शामिल होंगे। पूर्वाभ्यास से पूर्व गुरुवार को स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन इस मुद्दे पर राज्यों के साथ वर्चुअल बैठक भी करेंगे। जिसमें तैयारियों को अंतिम रूप दिया जाएगा। विगत तीन जनवरी को देश के दवा नियामक ने दो टीकों कोविशील्ड एवं कोवैक्सीन के आपात इस्तेमाल की मंजूरी दी है। मंत्रालय ने कहा कि दस दिन के भीतर टीकाकरण कार्यक्रम शुरू किया जा सकता है। संभावना है कि महीने के मध्य में कार्यक्रम शुरू हो सकता है।
क्या हुआ था पूर्वाभ्यास में?
2 जनवरी को किए गए पूर्वाभ्यास के लिए विभिन्न गतिविधियों को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन गतिविधियों में लाभार्थियों के डेटा को अपलोड करना, सत्र स्थलों का निर्माण करना, टीका आवंटन, लाभार्थियों एवं टीका लगाने वालों को टीके का ब्योरा बताना आदि शामिल थे। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हषवर्धन ने कहा था कि सोमवार और मंगलवार (28-29 दिसंबर) को चार राज्यों में प्रायोगिक आधार पर किए गए पूर्वाभ्यासों से मिली प्रतिक्रिया के आधार पर राष्ट्रव्यापी पूर्वाभ्यास को अपडेट किया गया। शनिवार को महाराष्ट्र के नागपुर, जालना, पुणे और नंदूरबार जिलों में तय स्वास्थ्य केंद्रों में पूर्वाभ्यास किया गया।
जुलाई तक 27 करोड़ों लोगों को लगेगा टीका
हर्षवर्धन ने कहा है कि टीकाकरण के प्रथम चरण में सर्वाधिक प्राथमिकता वाले लोगों को निशुल्क टीका उपलब्ध कराया जाएगा, जिनमें एक करोड़ स्वास्थ्यकर्मी और अग्रिम मोर्चे के दो करोड़ कर्मी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर 27 करोड़ लोगों को जुलाई तक किस तरह से टीका लगाया जाएगा, इस बारे में ब्यौरे को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इन लाभार्थियों में 50 वर्ष से अधिक आयु के लोग और पहले से किसी बीमारी से ग्रसित इससे कम उम्र के लोग शामिल हैं।
इन राज्यों में पहले हुआ था पूर्वाभ्यास
आंध्र प्रदेश, असम, गुजरात, पंजाब में 28-29 दिसंबर को पहला पूर्वाभ्यास किया गया था, जिसके तहत कम से कम 125 लाभार्थियों को शामिल किया गया था। प्रत्येक राज्य में अधिकतम दो-दो जिलों में पांच-पांच स्थानों पर कम से कम 125 लक्षित लाभार्थियों को इसमें शामिल किया गया। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा था कि प्रायोगिक आधार पर किए गए पूर्वाभ्यास के दौरान कोई बड़ी परेशानी नहीं पाई गई और सभी राज्यों ने बड़े पैमाने पर कार्यक्रम के क्रियान्वयन के लिए संचालन संबंधी दिशानिर्देशों तथा आईटी मंच पर भरोसा जताया है।

पाठको की राय